कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान, इंडिया गठबंधन को मजबूत करने की कही बात
फतेहपुर। विकासखंड धाता में कांग्रेस पार्टी की एक आवश्यक बैठक ब्लॉक अध्यक्ष खलीक अहमद की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन रवि केसरवानी ने किया। बैठक में संगठन विस्तार, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के मुख्य अतिथि एवं खागा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी ओमप्रकाश गिहार ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मजबूती के साथ मैदान में उतारकर विजय दिलाने के लिए अभी से जनसंपर्क अभियान तेज करने की आवश्यकता है। बैठक को संबोधित करते हुए ओमप्रकाश गिहार ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर निशाना साधते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर एकत्रित किए गए चंदे का भी दुरुपयोग किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा और आरएसएस की नीतियों से सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि सभी को मिलकर इंडिया गठबंधन को मजबूत करना होगा। बैठक में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने, बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर अजय सिंह पटेल, जागेश्वर निषाद, दुर्गा प्रसाद शुक्ला, डॉ. बी.डी. सिंह, दिनेश कुमार पासवान, गुड्डू सिंह पटेल, अमन सिंह पटेल, अभिषेक सिंह, कमला देवी पासवान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
धाता में कांग्रेस की बैठक संपन्न, संगठन मजबूती और 2027 चुनाव की तैयारियों पर जोर
