माती डिपो के एआरएम मोहम्मद अशफाक सम्मानित, चित्रकूट के लिए मासिक बस सेवा का आश्वासन

कानपुर देहात। माती डिपो के संचालन में पूरी ईमानदारी और लगन से दायित्वों का निर्वहन करने, डिपो की परिवहन सेवाओं को आम जनमानस में सराहनीय बनाने, मासिक आय में वृद्धि करने तथा कर्मचारियों के प्रति भ्रातृत्व भाव रखने के लिए माती डिपो के एआरएम मोहम्मद अशफाक को बुधवार को सम्मानित किया गया।स्मृतिशेष कवि रमेशचंद्र पाठक एवं स्मृतिशेष डॉ. सुरेश चंद्र पाठक जनकल्याण समिति फतेहपुर-रोशनाई के संस्थापक सदस्य, स्वतंत्र पत्रकार एवं क्षेत्रीय इंटर कॉलेज फतेहपुर-रोशनाई के संस्थापक सदस्य ओउम जी पाठक “अकिंचन” ने माला पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी सेवाओं की सराहना की।ओउम जी पाठक के आग्रह पर एआरएम मोहम्मद अशफाक ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनपद के श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रत्येक माह अमावस्या से एक दिन पहले अकबरपुर, कानपुर देहात से श्रीधाम चित्रकूट के लिए रोडवेज बस संचालित की जाएगी। यह बस अमावस्या वाले दिन श्रीधाम चित्रकूट से वापस अकबरपुर आएगी। यह विशेष सेवा महीने में एक बार चित्रकूट जाने वाले भक्तों के लिए उपलब्ध होगी।एआरएम ने जनपदवासियों को निरंतर बेहतरीन परिवहन सेवा देने का भी आश्वासन दिया।इस अवसर पर माती डिपो के स्टेशन इंचार्ज चंद्रवीर यादव, टाइम कीपर सुनील कुमार, केशव पांडेय सहित डिपो के अन्य चालक एवं परिचालक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *