सबका दल यूनाइटेड के कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद लोधी, बोले- सत्ता पाने के लिए जा

सबका दल यूनाइटेड के कार्यकर्ता सम्मेलन में गरजे राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद लोधी

बिंदकी में निकाला गया भव्य स्वागत जुलूस, महात्मा गांधी और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर किया माल्यार्पण
बिंदकी/फतेहपुर। बिंदकी कस्बे के समीप कुंवरपुर रोड स्थित महादेव गार्डन में रविवार को सबका दल यूनाइटेड पार्टी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने, समाज को राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने और सत्ता में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। सम्मेलन से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं ने कुंवरपुर गांव में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद लोधी का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद वाहनों का काफिला कुंवरपुर रोड से बाईपास चौराहा, महरहा रोड, गांधी चौराहा और ललौली चौराहा होते हुए महादेव गार्डन पहुंचा। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गांधी चौराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा ललौली चौराहे पर भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रमोद लोधी ने कहा कि किसी भी समाज को सत्ता में भागीदारी तभी मिलती है, जब वह जागरूक होकर संगठित तरीके से संघर्ष करता है। उन्होंने कहा कि दूसरे राजनीतिक दलों के पिछलग्गू बनने से समाज का भला नहीं होगा। यदि समाज को अपनी राजनीतिक पहचान बनानी है तो उसे स्वयं मजबूत होकर आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि सूरज बनने के लिए तपना पड़ता है, उसी प्रकार सत्ता तक पहुंचने के लिए भी संघर्ष और त्याग आवश्यक है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा और राजनीति दोनों क्षेत्रों में आगे आने की अपील करते हुए कहा कि जब समाज शिक्षित होगा और राजनीतिक रूप से मजबूत होगा तभी उसकी वास्तविक भागीदारी सुनिश्चित होगी। प्रमोद लोधी ने कहा कि संविधान ने सभी नागरिकों को मतदान का अधिकार दिया है, लेकिन यदि वोट का सही उपयोग नहीं किया जाएगा तो समाज को उसका लाभ नहीं मिल पाएगा। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की बड़ी संख्या में विधानसभा सीटों पर लोधी समाज निर्णायक भूमिका में है। यदि समाज एकजुट होकर अपने राजनीतिक हितों के लिए कार्य करे तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सबका दल यूनाइटेड मजबूत स्थिति में पहुंच सकता है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोधी समाज को संगठन में पद तो दिए जाते हैं, लेकिन निर्णय लेने की शक्ति नहीं दी जाती। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार और समाज के बीच जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष राहुल चौधरी, प्रदेश महासचिव सत्यसेन पासी, प्रयागराज मंडल प्रभारी सत्य प्रकाश लोधी, प्रदेश सचिव रामेंद्र लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज लोधी, जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह लोधी तथा बिंदकी विधानसभा अध्यक्ष दिलीप सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *