संवाददाता – राहुल कुमार उरई
जालौन/जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कार्यालय कक्ष में आयोजित जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
DM ने प्रत्येक शिकायतकर्ता से सीधे संवाद कर उनकी समस्या जानी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न हो। प्रत्येक प्रकरण की मौके पर जांच कर निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने राजस्व, विकास, विद्युत, पुलिस, नगर निकाय सहित सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं जवाबदेही बरतें। जिन मामलों में स्थलीय जांच जरूरी है वहां अधिकारी स्वयं मौके पर जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आमजन की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
