उरई (जालौन)। छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद में 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन-1) राजेश कुमार ने बताया कि यह अभियान परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर संचालित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूलों में संचालित बसों, वैन व अन्य वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच करना है, ताकि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।
अभियान के तहत बिना वैध फिटनेस प्रमाणपत्र और परमिट के संचालित स्कूली वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा वाहनों में सीसीटीवी कैमरा, पैनिक बटन, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता व कार्यशीलता भी जांची जाएगी। साथ ही चालक का वैध ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन का बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से चेक किया जाएगा। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर चालान के साथ सीज की कार्रवाई भी की जाएगी। परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधकों और वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अभियान अवधि के भीतर अपने वाहनों की फिटनेस सुनिश्चित कर लें। वहीं अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बच्चों को केवल सुरक्षित व मानक के अनुरूप वाहनों से ही स्कूल भेजें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
