लखनऊ-सीतापुर-बरेली हाईवे होगा छह लेन, 65 किमी सड़क को चौड़ा करने पर खर्च होंगे एक हजार करोड़

लखनऊ-सीतापुर-बरेली हाईवे होगा छह लेन, 65 किमी सड़क को चौड़ा करने पर खर्च होंगे एक हजार करोड़

लखनऊ। अवध और रूहेलखंड के बीच रफ्तार बढ़ाने के लिए लखनऊ-सीतापुर-बरेली हाईवे (एनएच-30) को छह लेन करने का फैसला किया गया है। एनएचएआई ने पहले चरण में लखनऊ से सीतापुर तक का 65 किमी का हिस्सा छह लेन करने का प्रस्ताव केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय को भेज दिया है। साथ ही निर्माण के लिए टेंडर भी आमंत्रित कर लिए हैं। इस परियोजना से लखनऊ, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, हरदोई, शाहजहांपुर और बरेली जिलों की लाखों की आबादी को सीधा फायदा होगा। लखनऊ से बरेली तक हाईवे की कुल लंबाई 250 किमी है। पहले चरण में लखनऊ रिंग रोड से इस हाईवे के सीतापुर तक के हिस्से को चार लेन से छह लेन बनाने की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार की गई है। एनएचएआई के सूत्रों के मुताबिक, अगर चरण में सीतापुर से बरेली तक का हिस्सा शामिल किया जाएगा। इससे वाया सीतापुर लखनऊ से बरेली और दिल्ली तक का सफर आसान हो जाएगा। लखनऊ से सीतापुर तक 65 किमी हाईवे को चौड़ा करने पर एक हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा। एनएचएआई के मुख्य महाप्रबंधक गौतम विशाल चरण पहारी ने बताया कि टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। जैसे ही केंद्रीय मंत्रालय की मंजूरी मिल जाएगी, इन टेंडरों को खोला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *