कानपुर। बर्रा गांव निवासी पूर्व पार्षद विष्णु कुमार उर्फ पंगू यादव और उनके पुत्र ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर राहुल सक्सेना उर्फ अभिषेक सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाए।पूर्व पार्षद ने कहा कि राहुल सक्सेना ने पेपर में मुझे भू-माफिया बताकर झूठी खबर छपवा दी और पुलिस को गुमराह करके रंगदारी का फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया। जबकि पिछले 4 महीने से मैं उससे मिला तक नहीं हूं। उसके लोग 2 साल से मेरे प्लॉटों के पीछे पड़े हैं, एक पर कब्जा कर लिया। अब दूसरे-तीसरे पर कब्जा करना चाहते हैं। इसीलिए मुझे फंसाया जा रहा है। मेरा कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, मैंने कोविड काल में भी जनता की सेवा की है। इस खबर से मेरा परिवार सदमे में है। मैं कानपुर पुलिस कमिश्नर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर न्याय की मांग करता हूं। उनके पुत्र ने प्रेस वार्ता में कहा मेरे पिता बर्रा गांव के पूर्व पार्षद हैं और अस्वस्थ रहते हैं, तथा घर पर ही समय व्यतीत करते हैं। ये सारे मुकदमे राजनीतिक उद्देश्य से लिखवाए जा रहे हैं। पहले भी झूठे मुकदमे लिखवाकर हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट लगवाने की कोशिश की गई, लेकिन सफल नहीं हो पाए तो अब नए-नए मुकदमे कराए जा रहे हैं।पुत्र ने बताया कि राहुल सक्सेना हमारे प्लॉट पर रात में कब्जा कर रहा था, तब एक बार ही हमारा आमना-सामना हुआ था, हमने पुलिस बुलाई थी, पुलिस ने जांच भी की थी। उसके बाद से आज तक कोई वार्ता या मुलाकात नहीं हुई, फिर भी रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है, जबकि उनके पास कोई प्रूफ नहीं है। हमारे कागज मजबूत हैं, केडीए ने उनका एक प्लॉट पहले ही सीज कर दिया है।कानपुर कमिश्नर से हमारी यही मांग है कि फर्जी मुकदमे लगाने वालों पर कार्रवाई हो और हमारे ऊपर राजनीतिक द्वेष से लगाए जा रहे मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इस तरह रोज झूठी खबरें आने से पूरा परिवार सदमे में है, क्षेत्रीय जनता और रिश्तेदारों के फोन आते हैं, सभी शुभचिंतक परेशान हैं।
पूर्व पार्षद एवं पुत्र ने की प्रेस वार्ता, बोले फर्जी मुकदमों से हिस्ट्रीशीटर बनाने की साजिश
