यातायात नियमों के प्रति जागरूकता ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रभावी माध्यम
जिलाधिकारी दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से करें प्रयोग : पुलिस अधीक्षक
आनंद कुशवाहा।
औरैया। शहर के हाइवे खानपुर चौराहा पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी बृजेश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने यातायात माह का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने उपस्थित अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं आमजन को यातायात नियमों के पालन, सुरक्षा उपायों के प्रयोग आदि से संबंधित शपथ दिलाई। इस अवसर पर द्वय अधिकारियों ने यातायात जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक एवं राहगीर की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। उन्होंने विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से भी यातायात नियमों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने कहा कि यातायात माह का मुख्य उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाले व्यक्ति दोनों हेलमेट का प्रयोग करें तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ओवरस्पीडिंग एवं गलत दिशा में वाहन चलाने से बचें और वाहन चलाते समय यातायात संकेतों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यातायात माह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर वाहन चालकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। जागरूकता एवं सावधानी से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, क्षेत्राधिकारी यातायात, ट्रैफिक इंचार्ज सहित संबंधित अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
