डीएम-एसपी के नेतृत्व में निकली 111 मीटर तिरंगा यात्रा, हजारों नागरिकों ने किया प्रतिभाग

जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग

संवाददाता – राहुल कुमार उरई/जालौन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद जालौन में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में 111 मीटर लंबे राष्ट्रध्वज के साथ भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।

टाउन हॉल स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से प्रारंभ होकर यात्रा कोंच रोड स्थित पीली कोठी में सरदार वल्लभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंची। विशाल तिरंगे के साथ निकली तिरंगा यात्रा ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।

यात्रा में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, छात्र-छात्राओं, स्काउट-गाइड, सीसीएस कैडेट्स सहित बड़ी संख्या में जनपदवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा और देशभक्ति के नारों के साथ लोगों ने राष्ट्र के प्रति अपनी एकजुटता और गौरव की भावना व्यक्त की।

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने इस अवसर पर जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र की प्रगति में प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान मार्ग में लोगों में विशेष उत्साह दिखाई दिया। 111 मीटर लंबे राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली यह यात्रा स्वतंत्रता दिवस समारोह का प्रमुख आकर्षण बनी और जालौन की धरती पर देशभक्ति, एकता एवं राष्ट्रीय गौरव का संदेश देती हुई आगे बढ़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *