सभी सीएचसी-पीएचसी पर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश, बुखार-खांसी पर तत्काल जांच की अपील
संवाददाता – राहुल कुमार उरई जालौन
स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए जालौन जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वाइन फ्लू की रोकथाम एवं उपचार को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) पर दवा, जांच और बेड की व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को समय से उपचार मिल सके।
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए जनपद में एडवाइजरी भी जारी की गई है। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि बुखार, खांसी अथवा जुकाम जैसे लक्षण दिखने पर घबराएं नहीं, बल्कि तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं और डॉक्टर की सलाह से ही दवा लें। उन्होंने भीड़ में निकलते समय मास्क से मुंह और नाक ढककर रखने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती बच्चों का हाल जाना और चिकित्सकों से उनकी सेहत में सुधार की जानकारी ली। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिया कि जिन बच्चों की माताएं भी कुपोषण से ग्रस्त हैं, उन्हें आज ही पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाए।
इसके बाद डीएम ने आयुष्मान वार्ड और इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया और मरीजों व तीमारदारों से मिलकर सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. एच.एन. प्रसाद, सीएमएस डॉ. जे.जे. राम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
