रियल मीडिया न्यूज
उरई। उत्तर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारते हुए जालौन जनपद ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मासिक रैंकिंग में जालौन ने विकास कार्यों के आधार पर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि जनपद द्वारा विभिन्न विभागों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण मानी जा रही है।
जालौन जनपद लगातार कई महीनों से मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में शीर्ष दस जनपदों में अपनी जगह बनाए हुए था। इस बार विकास कार्यों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर नई मिसाल कायम की है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड प्रदेश सरकार का एक महत्वपूर्ण मूल्यांकन तंत्र है, जिसके माध्यम से विभिन्न विभागों की प्रगति, जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन, राजस्व वसूली, शिकायतों का निस्तारण तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाती है। ऐसे प्रतिस्पर्धी वातावरण में जालौन का प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रशासनिक दक्षता, जवाबदेही और टीमवर्क का परिणाम माना जा रहा है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम के समर्पण, अनुशासन और सकारात्मक कार्य संस्कृति का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की इस उपलब्धि में जनप्रतिनिधियों के मार्गदर्शन, नागरिकों के सहयोग और अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि इसी प्रतिबद्धता और ऊर्जा के साथ कार्य करते हुए जनपद को आगे भी प्रदेश की शीर्ष श्रेणी में बनाए रखें।
उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताएं हैं। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड में प्राप्त यह प्रथम स्थान जनपद के विकास की दिशा में किए जा रहे सतत प्रयासों की पुष्टि करता है तथा भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है।
जिलाधिकारी ने इस सफलता का श्रेय मंडलायुक्त के सतत मार्गदर्शन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम भावना, जनप्रतिनिधियों के सहयोग तथा जनसामान्य के विश्वास को देते हुए विश्वास जताया कि जालौन जनपद विकास की नई ऊंचाइयों को छूने की दिशा में निरंतर अग्रसर रहेगा।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में जालौन प्रदेश में प्रथम, विकास कार्यों में बनाया नया कीर्तिमान
