पढ़े-लिखे वर्ग ने सरकार की नीतियों के प्रति असंतोष जताया, 2027 में प्रचंड बहुमत का किया दावा
औरैया। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने बुधवार को शहर में आयोजित प्रेसवार्ता में शिक्षक निर्वाचन के परिणामों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस दौरान सपा की जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और मिठाई वितरित कर खुशी जताई। सपा जिलाध्यक्ष ने चुनाव के दौरान बूथ कैप्चरिंग और चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश किए जाने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शिक्षक साथियों और बुद्धिजीवी वर्ग ने सकारात्मक परिणाम देने का काम किया है। इसके लिए समाजवादी पार्टी सभी शिक्षकों और मतदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त करती है। सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि इस चुनाव ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया है। पढ़ा-लिखा वर्ग सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोगों ने चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद शिक्षकों ने अपने मताधिकार के माध्यम से अपनी बात रखी। उनके अनुसार, चुनाव के परिणामों ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव में उचित व्यवस्था की गई होती और गड़बड़ियां नहीं हुई होतीं तो समाजवादी पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती थी। इसके बावजूद पार्टी परिणामों से संतुष्ट है। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकतंत्र में ऐसी परिस्थितियां क्यों बन रही हैं, जिनमें समाज के जागरूक और शिक्षित लोगों को राजनीति तथा चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने पड़ रहे हैं। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन आम जनता का प्रत्यक्ष चुनाव नहीं था, लेकिन इसमें शामिल बुद्धिजीवी वर्ग ने सरकार के प्रति अपने असंतोष का संदेश दिया है। आम जनमानस भी विभिन्न समस्याओं से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल करने के लिए पूरी ताकत से जुटेगी। प्रेसवार्ता के दौरान वरिष्ठ सपा नेता लालजी शुक्ला, पूर्व मंत्री विनोद यादव कक्का,महेंद्र त्रिपाठी, कमलेश तिवारी, राजेश राजपूत, नरेंद्र पाल, विधानसभा अध्यक्ष राजकुमार गौतम, अजय यादव, अर्जित कुशवाह, अमरदीप और रामरतन दोहरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
