जगदीश श्रीवास्तव
हमीरपुर राठ। कोतवाली क्षेत्र के धमना गांव में बुधवार को 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में फंदे पर लटका मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, धमना गांव निवासी माया (23) पत्नी रामाशंकर बुधवार को अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के फंदे पर लटकी मिली। महिला का शव देखकर परिजनों के होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की।मृतका के मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि माया को उसके ससुरालीजन आए दिन प्रताड़ित करते थे। परिजनों ने आशंका जताई कि माया की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे पर लटकाया गया है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।परिजनों के मुताबिक, माया का विवाह 17 अप्रैल 2024 को धमना गांव निवासी रामाशंकर के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। हालांकि, हत्या के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।राठ कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
