खाद वितरण ठप होने से आलू की गड़ाई और रबी फसलों की बुवाई प्रभावित होने की आशंका
औरैया। अछल्दा विकासखंड में कर्मचारियों की तीन दिन से जारी प्रदेशव्यापी हड़ताल के चलते सभी 11 सहकारी समितियों पर खाद वितरण ठप पड़ा है। इससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है। आलू की गड़ाई के साथ सरसों, मटर और गेहूं की बुवाई प्रभावित होने की आशंका है। समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों को बुवाई में देरी और फसल उत्पादन पर असर पड़ने की चिंता सता रही है। इन दिनों रबी की फसलों की बुवाई का काम चल रहा है। वहीं, आलू की गड़ाई का भी महत्वपूर्ण समय है। ऐसे में समितियों से खाद न मिलने के कारण किसान बीते तीन दिन से परेशान हैं। खाद की उम्मीद में किसान सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वितरण बंद होने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द खाद उपलब्ध नहीं हुई तो बुवाई का समय निकल सकता है, जिससे खेती का काम प्रभावित होगा। किसान ध्यान सिंह ने बताया कि सरसों की बुवाई के लिए यह सही समय है, लेकिन खाद की उपलब्धता बाधा बनी हुई है। समय निकलने पर बुवाई प्रभावित हो जाएगी। वहीं, किसान रमेश चंद्र ने बताया कि आलू की बुवाई के लिए बीज खरीदने के साथ खेत भी तैयार कर लिए हैं, लेकिन समिति से खाद नहीं मिलने के कारण बुवाई शुरू करने में परेशानी हो रही है। किसानों ने जल्द खाद वितरण शुरू कराने की मांग की है।
