DM राजेश पाण्डेय और SP विनय कुमार ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश!

संवाददाता – राहुल कुमार उरई

जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के संबंध में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है, इसलिए सभी कार्यक्रम पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जनसहभागिता के साथ आयोजित किए जाएं। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन समय से सुनिश्चित करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने बताया कि 15 अगस्त को प्रातः प्रभात फेरी, महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, समस्त शासकीय एवं अशासकीय भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान तथा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी जाएगी। इसके उपरांत विकास योजनाओं का प्रचार-प्रसार, तिरंगा यात्रा, कारगिल शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि, विद्यालयों एवं कार्यालयों में वृक्षारोपण, गांधी चबूतरा पर सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम, गरीब एवं निराश्रितों को भोजन वितरण, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण, बाल संरक्षण गृह एवं विशेष विद्यालयों में फल वितरण तथा सायंकाल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र सहित समस्त सरकारी भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटल, कार्यालयों, बांधों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं तिरंगा सज्जा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख चौराहों पर लाउडस्पीकर के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण कराया जाए, जिससे पूरे जनपद में राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित हो।

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने कहा कि सभी कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए। यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस के सभी आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक योगेंद्र यादव, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे प्रेमचंद मौर्य, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच एन प्रसाद आदि संबंधित अधिकारी, समाजसेवी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *