PM के 25 साल के सेवा काल पर जालौन में मेगा तैयारी: दीया जलाकर होगा ‘सेवा संकल्प’ का आगाज, 13 बड़े कार्यक्रमों का DM ने किया ऐलान

संवाददाता – राहुल कुमार उरई जालौन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जनपद जालौन में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलेगा। इसे लेकर जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

डीएम ने बताया कि 31 दिन तक चलने वाले इस अभियान में 13 प्रमुख कार्यक्रम होंगे। इसके लिए CDO केके सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। केंद्र के 12 साल और प्रदेश के 10 साल के विकास कार्यों का विधानसभा-ब्लॉक-ग्राम पंचायतवार डेटा बैंक बनेगा, जिसमें पहले और बाद के फोटो-वीडियो व ड्रोन फुटेज भी होंगे।

17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ से अभियान का शुभारंभ होगा। लाभार्थी परिवार अपने घरों में दीया जलाएंगे, साथ ही मंदिरों, घाटों, स्कूलों और अस्पतालों में भी दीप प्रज्ज्वलन होगा।

अभियान में ‘बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत 400 से 500 सांस्कृतिक टोलियों द्वारा गांव-गांव नुक्कड़ नाटक, 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’ में लाभार्थियों की 60 सेकंड की वीडियो, 150 डिजिटल इन्फ्लुएंसर द्वारा विकास की कहानियों का प्रसार, 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण जैसे 25 सेवा कार्य होंगे।

प्रत्येक ब्लॉक में 7 दिवसीय ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ शिविर लगेंगे। ‘रंगोली राष्ट्र’ में 108 मीटर का भारत मंडल और ह्यूमन रंगोली बनेगी। 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ समापन होगा।

डीएम ने 10 सितंबर तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में CDO केके सिंह, जलशक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान, विधायक प्रतिनिधि आशीष चतुर्वेदी, MLC प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, CMO एचएन प्रसाद सहित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *