हार्वेस्टिंग के दौरान गेहूं लगी आग से हार्वेस्टर सहित 10 बीघा का गेहूं जलकर खाक

हार्वेस्टिंग के दौरान गेहूं लगी आग से हार्वेस्टर सहित 10 बीघा का गेहूं जलकर खाक

रियल मीडिया न्यूज
कोंच। कस्बे से सटे बदनपुरा मौजा स्थित एक खेत में गेहूं की हार्वेस्टिंग के दौरान अचानक आग लग जाने से हार्वेस्टर सहित सारा गेहूं जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई। जानकारी के अनुसार कोंच बदनपुरा मौजे में नया पटेल नगर निवासी रवींद्र और पप्पू का संयुक्त रूप से 10 बीघा का एक खेत है जिसमें गेहूं की फसल बोई गई थी। पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि में आधी से अधिक फसल पहले ही नष्ट हो गई थी, जो थोड़ी बहुत फसल बची थी उसकी बुधवार की दोपहर में हार्वेस्टिंग हो रही थी। बताया जा रहा है कि अचानक हार्वेस्टर से चिंगारी निकली और आग लग गई। पल भर में ही आग ने हार्वेस्टर को अपनी चपेट में ले लिया जिससे हार्वेस्टर सहित उसकी टंकी में भरा करीब 8 कुंतल गेहूं जलकर खाक हो गया। पास में ही स्थित बस्ती के लोग दौड़ कर खेत पर पहुंचे और फायर स्टेशन को सूचना दी।

जब तक फायर ब्रिगेड गाड़ी आ पाती तब तक लोग ट्रेक्टर- ट्रॉली में समर्सेबिल से पानी भर भर कर आग बुझाने की कोशिश करने में जुट गए, साथ ही प्लाऊ से खेत की मिट्टी को उलट-पलट करने लगे जिससे आग आसपास के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में नहीं ले सकी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने धू-धू कर जल रहे हार्वेस्टर की आग बुझाई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ित किसानों रवींद्र और पप्पू ने बताया कि करीब-करीब पूरे खेत की फसल हार्वेस्टर से कट चुकी थी और सारा गेहूं हार्वेस्टर के टैंक में भरा हुआ था। उन्होंने बताया कि ओलावृष्टि में फसल पहले ही नष्ट हो चुकी थी जिससे करीब 8 कुंतल गेहूं ही शेष बचा था लेकिन वह भी आग की भेंट चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *