संवाददाता – राहुल कुमार उरई
रंगोली/जालौन। ग्राम रंगोली में मलंगा नाला पर निर्माणाधीन पुल का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और आवागमन की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता में रखते हुए कार्य तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि मलंगा नाला पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हाल में हुई भारी बारिश से नाले में पानी का प्रवाह बढ़ने से आवागमन के लिए बनाया गया अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त होकर बह गया था, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण को प्रभावित किए बिना आवागमन बहाल करने के लिए पाइप डालकर पक्का अस्थायी डायवर्जन तैयार किया जाए। उनके निर्देश पर मौके पर डायवर्जन का कार्य तत्काल शुरू करा दिया गया है। अधिशासी अभियंता द्वारा पूरी टीम, मशीनरी और मानव संसाधन लगाकर काम तेजी से कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं। ग्रामीणों ने स्थायी पुल के जल्द निर्माण की मांग रखी, जिस पर डीएम ने अधिकारियों को कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आने देने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि अस्थायी पक्के डायवर्जन को दो से तीन दिन में पूरा कर आवागमन सुचारु करने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्य में शिथिलता न बरती जाए और तय समय में डायवर्जन तैयार कर ग्रामीणों को सुविधा दी जाए, ताकि मूल पुल का निर्माण भी निर्बाध रूप से जारी रह सके।
