
उरई (जालौन)। समाजवादी पार्टी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रुक्मणि देवी के जालौन जनपद पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। जगह-जगह फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रदेश अध्यक्ष उरई पहुंचीं, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
रुक्मणि देवी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना मजबूत संगठन की कल्पना नहीं की जा सकती। इसलिए महिला कार्यकर्ताओं को आगे आकर संगठन को और सशक्त बनाना होगा। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और सपा ही प्रदेश को बेहतर दिशा दे सकती है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर 2027 में सपा सरकार बनाने का संकल्प लिया।
