लू से बचाव को एडवाइजरी जारी, विभागों को अलर्ट

लू से बचाव को एडवाइजरी जारी, विभागों को अलर्ट
  • दोपहर में धूप से बचने, अधिक तरल लेने की सलाह; अस्पतालों व सार्वजनिक स्थलों पर इंतजाम के निर्देश
    रियल मीडिया न्यूज
    उरई (जालौन)। बढ़ती गर्मी और संभावित लू के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने विभागवार एडवाइजरी जारी कर सभी विभागों को अलर्ट किया है। अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) संजय कुमार ने बताया कि हीटवेव का असर खासकर बच्चों, बुजुर्गों व बीमार व्यक्तियों पर अधिक पड़ सकता है। एडवाइजरी में आमजन को दोपहर के समय धूप में न निकलने, हल्के व सूती कपड़े पहनने, सिर ढककर चलने और पर्याप्त मात्रा में पानी व तरल पदार्थ लेने की सलाह दी गई है। ओआरएस, छाछ, लस्सी व नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने को कहा गया है। कृषि के संबंध में बताया गया कि अधिक तापमान से गेहूं, अरहर, मूंग व उड़द फसलों पर असर पड़ सकता है। किसानों को समय से कटाई करने और खेतों में नमी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में हीट स्ट्रोक के उपचार के लिए बेड, दवाएं व एंबुलेंस की व्यवस्था रखने को कहा गया है। नगर निकायों को सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व छाया की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा श्रम, शिक्षा, जल, विद्युत, पशुपालन, सिंचाई, परिवहन व वन विभाग को भी अपने-अपने स्तर पर आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लू के प्रभाव को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *