रक्षाबंधन से पहले रसोइया बहनों को सीएम की बड़ी सौगात: मानदेय, इलाज, बीमा और वस्त्र भत्ता सब बढ़ा, जालौन में लाइव देखा

संवाददाता – राहुल कुमार उरई जालौन

माननीय मुख्यमंत्री जी ने रविवार को लखनऊ के जुपिटर सभागार, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमती नगर से पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान समारोह में प्रदेश के 3.54 लाख रसोइयों को रक्षाबंधन से पहले महत्वपूर्ण सौगातें प्रदान कीं। इस अवसर पर रसोइयों के लिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि आरपी निरंजन, विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष अनिल कुदारी, राष्ट्रीय लोक दल जिलाध्यक्ष ध्रुव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चौधरी, जिला विकास अधिकारी प्रशांत पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में रसोइया बहनों ने देखा और सुना।

माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा रसोइयों के हित में एक साथ चार महत्वपूर्ण सौगातों की घोषणा की गई। रसोइयों का मानदेय 2,000 से बढ़ाकर 3,000 प्रतिमाह किया गया है। दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख की सहायता राशि स्टेट बैंक के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक रसोइया को प्रतिवर्ष 5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलेगी। वहीं, वस्त्र एवं परिधान के लिए दी जाने वाली राशि को 500 से बढ़ाकर 1,000 प्रतिवर्ष किया गया है।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से रसोइया बहनें बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना सहायता जैसी सौगातें प्रदान किया जाना उनके सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि रसोइया बहनों की मेहनत और सेवाओं का सम्मान करते हुए शासन द्वारा प्रदान की गई इन सुविधाओं का लाभ उन्हें पूरी पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराया जाएगा।

जनपद जालौन में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत 3,306 रसोइयाएं कार्यरत हैं। मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा घोषित इन सुविधाओं का लाभ जिले की सभी पात्र रसोइयों को मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान रसोइया बहनों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। उपस्थित रसोइयों ने मा. मुख्यमंत्री जी द्वारा मानदेय में वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य सौगातें दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *