कलेक्टर साहब बने बच्चों के साथी: साथ बैठकर खाया मिड-डे मील, बच्चों के चेहरे खिले

संवाददाता – राहुल कुमार

उरई/जालौन। जवाहर नवोदय विद्यालय में शनिवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय दोपहर में विद्यालय का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। उस समय विद्यालय में छात्र-छात्राओं से मिलने उनके परिजन भी आए हुए थे।

जिलाधिकारी ने पहले बच्चों और उनके परिजनों के साथ सहजता से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, दिनचर्या, छात्रावास और मिलने वाली सुविधाओं के बारे में सीधे पूछा। परिजनों से भी विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।

इसके बाद डीएम सीधे विद्यालय की रसोई में पहुंच गए। वहां उन्होंने भोजन बनने की व्यवस्था, साफ-सफाई और किचन की गुणवत्ता का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण को सिर्फ औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए जिलाधिकारी ने भोजनालय कक्ष में जाकर बच्चों से खाने की गुणवत्ता के बारे में पूछा। बच्चों से सिर्फ पूछकर ही वे संतुष्ट नहीं हुए, बल्कि उन्होंने खुद गुणवत्ता परखने का फैसला किया। मुख्य विकास अधिकारी और प्रधानाचार्य के साथ वे बच्चों की टेबल पर ही बैठ गए और उनके साथ भोजन किया।

कलेक्टर को अपने साथ बैठकर खाना खाते देख बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।

इस दौरान उन्होंने विद्यालय प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि बच्चों को रोजाना स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन दिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *