संवाददाता – राहुल कुमार
उरई जालौन। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सर्वसाधारण को सूचित किया है कि दिनांक 30.06.2026 को प्रातः 11:20 बजे ग्राम रगेदा, थाना कोतवाली उरई, जिला जालौन में एक परित्यक्त नवजात शिशु बालिका मिली थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त नवजात बालिका को कोतवाली उरई पुलिस द्वारा समय पर बरामद कर आवश्यक कार्यवाही की गई। इसके बाद दिनांक 02.07.2026 को बालिका को संरक्षण एवं देखभाल हेतु *बाल कल्याण समिति जालौन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
बाल कल्याण समिति जालौन ने मामले की सुनवाई के बाद किशोर न्याय अधिनियम 2015 के प्रावधानों के अंतर्गत उक्त नवजात बालिका को दिनांक 02.07.2026 को ही राजकीय विशेष दत्तक ग्रहण इकाई जालौन में आवासित कराने का आदेश दिया। वर्तमान में बालिका राजकीय विशेष दत्तक ग्रहण इकाई में सुरक्षित है और उसकी देखभाल की जा रही है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस नवजात बालिका के माता-पिता या रिश्तेदारों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो, तो वह 15 दिन के अंदर कार्यालय *जिला प्रोबेशन अधिकारी, जालौन, कमरा नं०-26, कलेक्ट्रेट में आकर सूचना दे सकता है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित 15 दिन की अवधि के उपरांत यदि बालिका के माता-पिता या कोई वैध दावेदार सामने नहीं आता है, तो नियमानुसार बालिका को दत्तक ग्रहण हेतु स्वतंत्र घोषित कर दिया जाएगा। इसके पश्चात बालिका को विधिक प्रक्रिया के तहत गोद देने की कार्यवाही प्रारंभ कर दी जाएगी।
प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि इस संबंध में यदि किसी को कोई जानकारी हो तो अविलंब उपलब्ध कराकर एक नवजात के जीवन को सुरक्षित भविष्य देने में सहयोग करें।
