रियल मीडिया नेटवर्क | उरई, जालौन
रिपोर्ट: राहुल कुमार
उरई। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत कड़ी कार्रवाई शुरू की है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार और यात्री/मालकर अधिकारी आनन्द राय कुरील के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली वाहनों की जांच की गई।
फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच
अभियान के दौरान स्कूल बसों और वैन की फिटनेस, परमिट, जीपीएस, सीसीटीवी, आपातकालीन द्वार और चालकों के प्रशिक्षण जैसे सुरक्षा मानकों को बारीकी से परखा गया।
2 वाहन सीज, बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचाया
जांच में *02 स्कूली वाहनों में परिवहन नियमों और सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी पाई गई। एआरटीओ प्रवर्तन राजेश कुमार ने दोनों वाहनों को जालौन नगर में कब्जे में ले लिया। वाहनों में बैठे सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से उरई के उनके स्कूल में पहुंचाया गया।
नियम तोड़ने वाले वाहन मालिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वाहनों को औद्योगिक क्षेत्र, पुलिस चौकी उरई में निरुद्ध कर दिया गया। इसके अलावा अन्य स्कूली वाहनों का भी चालान किया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन ने कहा कि ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने समस्त स्कूल प्रबंधन और वाहन स्वामियों को निर्देश दिए कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय और परिवहन विभाग द्वारा जारी मानकों का शत-प्रतिशत पालन करें। लापरवाही बरतने वाले किसी भी वाहन को बख्शा नहीं जाएगा।
परिवहन विभाग ने सभी अभिभावकों से भी अपील की है कि अपने बच्चों को स्कूल भेजते समय वाहन की सुरक्षा स्थिति और वैध दस्तावेजों की पुष्टि अवश्य कर लें।
