पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने थाना आटा का आकस्मिक निरीक्षण कर, व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

उरई (जालौन)।
विनय कुमार सिंह ने देर रात थाना आटा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों, एचएस इंडेक्स, मिशन शक्ति केंद्र, महिला एवं साइबर हेल्प डेस्क, हवालात और मालखाना का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अभिलेखों के समुचित रखरखाव एवं उनके समय-समय पर अद्यावधिक किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, साथ ही वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा थाना परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों के प्रभावी निस्तारण तथा साइबर अपराधों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की भी हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *