संवाददाता – राहुल कुमार
उरई जालौन। महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी ने सोमवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया।
जनसुनवाई में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचीं। माननीय सदस्य महोदया ने प्रत्येक महिला की बात को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
किसी भी महिला के साथ अन्याय, उत्पीड़न या भेदभाव की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
मा सदस्य ने विशेष रूप से अधिकारियों को निर्देश दिए कि:
घरेलू हिंसा
दहेज उत्पीड़न
पारिवारिक विवाद
संपत्ति संबंधी मामले
अन्य महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों
में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय दिलाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का lनियमित अनुश्रवण किया जाए ताकि किसी भी प्रकरण में अनावश्यक विलंब न हो।
इस अवसर पर माननीय सदस्य ने उपस्थित महिलाओं को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं, सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं तथा महिला अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में वे बिना किसी भय के अपनी शिकायत संबंधित विभागों अथवा *राज्य महिला आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें।
जनसुनवाई में आज कुल 12 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। माननीय सदस्य ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी सहित जिला प्रशासन, पुलिस, महिला कल्याण, स्वास्थ्य एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
