कांशीराम आवासीय कॉलोनी के आवासों से हटेंगे अवैध कब्जे, आवंटन प्रक्रिया तेज


रियल मीडिया न्यूज
कालपी (जालौन)। नगर पालिका परिषद कालपी प्रशासन ने कांशीराम आवासीय कॉलोनी में लंबे समय से जमे अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। जल्द ही ऐसे कब्जाधारकों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जाएगी, जिससे पात्र लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए जा सकें।
नगर पालिका के राजस्व निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने बताया कि कांशीराम आवासीय कॉलोनी में जिन आवासों पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है, उन्हें चिन्हित कर नोटिस जारी किए जाएंगे और नियमानुसार खाली कराया जाएगा। इसके साथ ही लंबित आवंटन प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालपी के निकट अहमदपुर दिवारा क्षेत्र में वर्ष 2018 में कांशीराम आवासीय कॉलोनी का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। योजना के तहत कुल 744 आवास बनाए जाने थे। निर्माण के दौरान रेलवे विभाग द्वारा जमीन के स्वामित्व को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई, जिसके चलते मामला सिविल जज न्यायालय में विचाराधीन रहा और कई वर्षों तक निर्माण कार्य प्रभावित हुआ। करीब सात वर्ष पूर्व कॉलोनी के सभी 744 आवास तैयार हो गए थे और आवंटियों को चाबियां भी सौंप दी गई थीं, लेकिन पूर्ण आवंटन प्रक्रिया न होने के कारण एक सैकड़ा से अधिक आवासों पर अवैध कब्जे हो गए। अब प्रशासन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई का निर्णय लिया है।
नगर पालिका के अनुसार, अवैध कब्जों को हटाकर पात्र लोगों को आवास उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, जिससे योजना का उद्देश्य पूर्ण रूप से साकार हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *