14 वर्षों से सील मंडी गेस्ट हाउस, अतिथियों के ठहराव की नहीं व्यवस्था


रियल मीडिया न्यूज
कालपी (जालौन)। स्थानीय कृषि उत्पादन मंडी समिति कालपी परिसर में स्थित गेस्ट हाउस पिछले 14 वर्षों से सील पड़ा है। वर्ष 2012 से लगातार बंद रहने के कारण भवन जर्जर होता जा रहा है, जिससे इसकी उपयोगिता पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जाता है कि वर्ष 1982 में कालपी नगर के मौजा लंगरपुर में कृषि उत्पादन मंडी समिति का निर्माण हुआ था। इसी परिसर में कृषि विभाग द्वारा एक सुसज्जित गेस्ट हाउस भी बनाया गया था, जिसमें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध थीं। यहां अधिकारियों और अन्य जरूरतमंद लोगों के ठहरने की व्यवस्था रहती थी।जानकारी के अनुसार वर्ष 2012 में कालपी थाना क्षेत्र के ग्राम देवकली रोड पर संदिग्ध परिस्थितियों में माचिस से भरे एक ट्रक को पुलिस ने पकड़ा था। तत्कालीन कोतवाल लल्लू राम दिवाकर ने टीम के साथ ट्रक को सीज कर कोतवाली कालपी में मुकदमा दर्ज किया और माचिस को जब्त कर लिया। ज्वलनशील सामग्री होने के कारण उसे सुरक्षित रखने के लिए गल्ला मंडी स्थित गेस्ट हाउस में रखकर ताला लगाकर सील कर दिया गया था।
तब से लेकर आज तक गेस्ट हाउस का ताला नहीं खुला है। सील लगे होने के कारण यहां अतिथियों का ठहराव पूरी तरह से बंद है और भवन बेकार पड़ा हुआ है। मंडी सचिव सतीश कुमार ने बताया कि मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्राचार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *