मैनपुरी के सीओ की मूंछों पर अखिलेश का तंज, बोले- उसकी मूंछें छोटी थीं; भाजपा वाले ‘बहरूपिया’ हैं

मैनपुरी के सीओ की मूंछों पर अखिलेश का तंज, बोले- उसकी मूंछें छोटी थीं; भाजपा वाले 'बहरूपिया' हैं

लखनऊ। मैनपुरी में सीओ सिटी अशोक सिंह के वायरल वीडियो को लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब उनसे सीओ के उस वीडियो को लेकर सवाल किया गया, जिसमें वह मूंछ पर ताव देते हुए अखिलेश यादव को बताने की बात कहते नजर आए थे, तो पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, उसकी मूंछें छोटी थीं। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद सीओ अशोक सिंह ने सफाई देते हुए कहा था कि उनके वीडियो को क्रॉप करके प्रसारित किया गया है। अखिलेश यादव ने नई पीढ़ी और छात्रों को पार्टी से जोड़ने के लिए समाजवादी छात्र सभा के छात्र जागरूकता अभियान का एलान किया। उन्होंने कहा कि छात्र सभा के कार्यकर्ता विश्वविद्यालयों और कैंपस में जाकर छात्रों से संवाद करेंगे और उन्हें समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी की सोच नई होती है। इसलिए नई सोच और नई विचारधारा के साथ छात्रों के बीच जाने की जरूरत है। कैंपस में छात्रों से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। अखिलेश यादव ने PDA को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब केवल राजनीतिक समीकरण नहीं है, बल्कि प्रेम, दया और अपनापन भी है। उन्होंने कहा कि PDA के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। अखिलेश ने दावा किया कि इसमें किसी के साथ पक्षपात नहीं होगा और नकारात्मक राजनीति से दूर रहते हुए लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग समाज में नफरत फैलाना चाहते हैं, उनके लिए समाजवादी छात्र सभा का संदेश बंधु राष्ट्र बनाने का होगा। उन्होंने कहा कि Gen-Z और नई पीढ़ी के नए विचारों के साथ छात्र सभा युवाओं को जोड़ने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद छात्र संघों के समूह बनाकर छात्रों को भविष्य में विदेशों में भी भेजने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही दुनिया के अलग-अलग देशों में स्टूडेंट यूनियन के स्वरूप को समझने की दिशा में भी काम होगा। समाजवादी छात्र सभा के अभियान में नीले रंग के इस्तेमाल को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि ब्लू कलर विचारधारा का रंग है। उन्होंने जीन्स को अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले पहनावे के तौर पर भी बताया। उनके मुताबिक नीला रंग लोगों को जोड़ने का प्रतीक है। अखिलेश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोग अक्सर रंगों से डरते हैं। उन्होंने कुछ लोगों पर भगवान के नाम पर चढ़ावा और चंदा चोरी करने का आरोप लगाया और ऐसे लोगों को ‘बहरूपिया’ बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *