टिकरा- सुरार मार्ग बना खूनी सड़क, दो युवकों की मौत के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा। राजवर्धन फाउंडेशन की अगुवाई में हुई विशाल जन चौपाल

कानपुर नगर टिकरा-सुरार मार्ग के वर्षों से क्षतिग्रस्त होने और प्रशासन की अनदेखी से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को बीएसएस कॉलेज चौराहे पर विशाल चौपाल का आयोजन किया। यह चौपाल राजवर्धन फाउंडेशन के संस्थापक साकेत सेंगर की अगुवाई में आयोजित हुई जिसमें सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि विगत कई वर्षों से यह सड़क पूरी तरह से क्षतिग्रस्त है। जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं जिनमें बरसात का पानी भर जाता है। विगत दिनों इसी क्षतिग्रस्त सड़क पर कार सवार दो युवकों की कार सहित पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि स्कूली छात्र-छात्राएं और महिलाएं इस सड़क पर निकलने से डरने लगी हैं। इसी कारण ग्रामीणों ने इस मार्ग का नाम खूनी सड़क रख दिया है। चौपाल में ग्रामीणों ने साकेत सेंगर से गुहार लगाते हुए कहा कि अब इस सड़क का निर्माण अति आवश्यक है। इस दौरान ग्रामीणों ने एक स्वर में आवाज दो हम एक हैं के नारे लगाए और रघुपति राघव राजाराम के भजन गाकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। इस मौके पर राजवर्धन फाउंडेशन के संस्थापक साकेत सेंगर ने कहा कि मुझे किसी जनप्रतिनिधि से कोई शिकायत नहीं है और ना ही किसी प्रशासनिक अधिकारी से कोई शिकवा है। मेरा उद्देश्य किसी पर आरोप लगाना नहीं बल्कि अपने गांव, अपने क्षेत्र की टूटी हुई सड़क की पीड़ा को शासन तक पहुंचाना है। यह सड़क नहीं बल्कि हमारे क्षेत्र की जीवन रेखा है जो आज मौत की सड़क बन चुकी है। जब तक इस बदहाल सड़क का निर्माण शुरू नहीं हो जाता तब तक मैं अपने ग्रामीण भाइयों के साथ इसी तरह शांतिपूर्ण, अहिंसक और गांधीवादी तरीके से अपनी मांग रखता रहूंगा। यह लड़ाई किसी व्यक्ति के खिलाफ नहीं बल्कि व्यवस्था को जगाने के लिए है। हम रघुपति राघव राजाराम गाकर अपनी बात कहेंगे और जब तक सड़क नहीं बनेगी तब तक हमारा यह सत्याग्रह जारी रहेगा। इस मौके पर मुख्य रूप से टिकरा ग्राम के राजाराम, नागर, मन्नू यादव, माया, ढूकनू, प्रेमचंद, सोनू पाल, राम कैलाश गौतम, बलराम, बुद्धिलाल गौतम, अखिलेश कटियार, उमाशंकर, सज्जन कुमार, विजय कुशवाहा, विशाल कुमार, सूरज प्रकाश, पूर्व प्रधान सहित सैकड़ों क्षेत्रवासी मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *