सपा ने बदले दो एमएलसी प्रत्याशी, आगरा से डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद से संजयन त्रिपाठी

सपा ने बदले दो एमएलसी प्रत्याशी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव को लेकर अपने दो प्रत्याशियों में बदलाव किया है। पार्टी ने आगरा खंड स्नातक सीट से डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. संजयन त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। इस बदलाव के बाद दोनों सीटों पर सपा के उम्मीदवार बदल गए हैं। इससे पहले सपा ने आगरा खंड स्नातक सीट से शशांक यादव और गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट से कमलेश यादव को प्रत्याशी घोषित किया था। गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर संजयन त्रिपाठी के नाम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। वह इससे पहले भाजपा से टिकट के दावेदार थे। भाजपा ने इस सीट से मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट नहीं मिलने के बाद संजयन त्रिपाठी ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया था और 2 अक्टूबर को नामांकन भी दाखिल किया। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होनी है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया है। इस बार पीडीए की ताकत के सामने भाजपा कहीं नहीं टिक पायेगी। समाजवादी पार्टी के पीडीए में प्रेम, दया, अपनापन है। समाजवादी पार्टी हर दुखी, पीड़ित, अपमानित के साथ खड़ी है। भाजपा ने समाज के हर तबके को अपमानित किया। शोषण किया है और धोखा दिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि नई पीढ़ी और जेन-जी के पास नौकरी, रोजगार नहीं है। बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। नई पीढ़ी भाजपा से नाराज है। उत्तर प्रदेश में भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों का मुकाबला नहीं कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *