मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे मृतक
जगदीश श्रीवास्तव
हमीरपुर राठमझगवां थाना क्षेत्र के गिरवर गांव में शुक्रवार को तालाब में एक बुजुर्ग का शव उतराता मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान गांव निवासी मान सिंह राजपूत (65), पुत्र ईश्वर दास के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 16 अक्टूबर को पीआरवी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गिरवर गांव स्थित तालाब में एक व्यक्ति का शव उतराता दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मान सिंह पिछले कई दिनों से मिर्गी की बीमारी से पीड़ित थे। वह अक्सर बिना बताए घर से चले जाते थे। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से लापता थे। शुक्रवार को तालाब में उनका शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है। बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
