जगदीश श्रीवास्तव
राठ/ हमीरपुर। जनपद के जरिया थाना क्षेत्र के इटैलियाबाजा गांव निवासी एक युवक की मंगलवार सुबह हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वह गृह प्रवेश समारोह के बाद टेंट का सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादने में सहयोग कर रहा था। बजानकारी के अनुसार, इटैलियाबाजा गांव निवासी प्रदीप द्विवेदी के यहां राठ के उरई रोड स्थित आवास पर गृह प्रवेश समारोह आयोजित था। गांव का ही 36 वर्षीय अरमर्दन राजपूत पुत्र रमेश चंद्र राजपूत भी कार्यक्रम में शामिल होकर व्यवस्थाओं में हाथ बंटा रहा था। समारोह समाप्त होने के बाद वह टेंट के लोहे के पाइप ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रख रहा था। इसी दौरान असावधानीवश पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन से छू गया, जिससे करंट दौड़ गया और अरमर्दन मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसकर गिर पड़ा। परिजन और मौजूद लोगों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राठ पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अतुल निरंजन ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।
