किसानों के लिए आया सरकारी बीज चोरी करते हुए पकड़ा गया कर्मी, विधायक ने मारा झापड़, वीडियो वायरल
कृष्ण कुमार द्विवेदी
महोबा( बुंदेलखंड)। जनपद की चरखारी विधानसभा इस समय दो बड़े मुद्दों को लेकर जबरदस्त चर्चा में है। एक तरफ सरकारी बीज की चोरी और कालाबाजारी, तो दूसरी तरफ हर घर नल योजना का कागजी विस्तार। दोनों मामलों में निशाने पर अधिकारी हैं और मैदान में हैं चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत। जिले में हर घर नल योजना को लेकर विधायक का आरोप है कि योजना का विस्तार सिर्फ फाइलों में हुआ है। चरखारी के करीब 70 प्रतिशत गांवों में पाइपलाइन बिछाने के नाम पर सड़कों को खोद दिया गया, लेकिन आज तक नलों से पानी नहीं आया। ठेकेदार घटिया पाइप डालकर चले गए, जगह-जगह लीकेज है। सड़कें खुदने से किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मंडी जाना मुश्किल हो गया है। पानी के लिए आज भी महिलाएं हैंडपंप और कुएं पर निर्भर हैं। इसी मुद्दे पर जनवरी में विधायक ने जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला तक महोबा में रोक दिया था और डीएम कार्यालय में 40 गांवों की सूची सौंपकर कहा था कि चलकर देखिए कैसे योजना को पलीता लगाया जा रहा है। विधायक का कहना है कि हर घर नल योजना का विस्तार कागजों पर कर दिया गया, जमीन पर जनता आज भी प्यासी है। इसी बीच बुधवार को एक दूसरा मामला बीज बेचने का सामने आया। किसानों की शिकायत थी कि बुवाई का समय निकल रहा है, लेकिन राजकीय बीज भंडार से बीज नहीं मिल रहा और बाहर वही बीज दोगुने दाम पर बिक रहा है। शिकायत पर विधायक बृजभूषण राजपूत खुद मौके पर पहुंचे। जिसका एक वीडियो वायरल है और वायरल वीडियो में विधायक प्रभारी को थप्पड़ जड़ते और गरजते हुए सुनाई दे रहे हैं – ‘‘जूते की माला तैयार कराओ तुरंत, इसकी माला पहनाकर पूरे बाजार में घुमाओ। किसान भूखा मर रहा है और तुम बीज की दलाली कर रहे हो। तुम अखिलेश यादव से मिले हो क्या?’’ किसानों ने इस कार्रवाई का तालियां बजाकर स्वागत किया। विधायक के तेवर के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। अपर जिलाधिकारी (वि/रा) इंद्र नंदन सिंह द्वारा जारी प्रेस नोट पत्रांक 1576/कृषि/विविध/2026-27 दिनांक 21 अक्टूबर 2026 में पूरे मामले की पुष्टि की गई है। प्रेस नोट के अनुसार 21.10.2026 को सूचना मिली कि राजकीय कृषि बीज भंडार चरखारी गोदाम से चना बीज पिकअप में लादकर बिना अनुमति कहीं भेजा जा रहा है। सूचना पर जिला कृषि अधिकारी को बरास्ती गोदाम भेजा गया। मौके पर ड्राइवर श्री राजाराम पुत्र श्री बाबूराम निवासी ग्राम लाडपुर मिला, जिसने बताया कि श्री सोने सिंह प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार चरखारी एवं श्री राधेश्याम सा. चतुर्थ श्रेणी कार्यालय उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी चरखारी के कहने पर बीज को चरखारी से फूलबाग बीज गोदाम भेजा जा रहा था। जांच में गाड़ी संख्या यूपी 95 टी 0164 महिंद्रा पिकअप पर 100 बोरी चना प्रति बोरी 32 किलो लदा पाया गया। इस संबंध में प्रभारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। नियम है कि एक भंडार से दूसरे भंडार पर बीज भेजने के लिए जनपद स्तर से अनुमति लेना जरूरी है, जो नहीं ली गई थी। प्रेस नोट में स्पष्ट लिखा है कि बीज को अन्यत्र बिक्री करने के उद्देश्य से भेजने की दृष्टिगत इस कृत्य में संलिप्त प्रभारी श्री सोने सिंह प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार परस्ती एवं श्री राधेश्याम चतुर्थ श्रेणी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है और उपरोक्त कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही पृथक से की जाएगी।
जूते की माला तैयार कराओ तुरंत, इसकी माला पहनाकर पूरे बाजार में घुमाओ
