घटतौली के विरोध में किसानों ने लगाया जाम, डेढ़ घंटे बाधित रहा राठ-महोबा राजमार्ग

घटतौली के विरोध में किसानों ने लगाया जाम

हमीरपुर। राठ स्थित गल्ला मंडी परिषद में फसल की बिक्री के दौरान कथित घटतौली और बोरियों की किस्मों को लेकर नाराज किसानों ने बुधवार को राठ-महोबा राजमार्ग पर मंडी के सामने जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले जाम के कारण राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इससे राहगीरों, यात्रियों और मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर एसडीएम चित्रा निर्वाल और क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया। किसानों का आरोप है कि स्थानीय गल्ला मंडी परिषद में लंबे समय से अनाज की तौल के दौरान गड़बड़ी की जा रही थी। कच्चे आढ़तियां तिल और सरसों जैसे महीन अनाज को भी जूट की बोरी में तौलना चाहते हैं।जबकि किसानों और पक्के आढ़तियों का कहना है कि छोटे-छोटे दोनों वाले अनाज प्लास्टिक की बोरी में तोलें जायें,क्योंकि जूट की बोरी से काफी कुछ अनाज गिर जाता है। लेकिन कच्चे आढ़तियां हैं कि इस बात को नहीं मान रहे थे।जिससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा था। किसानों के मुताबिक, जिस जूट के बोरे का वास्तविक वजन करीब 600 ग्राम है, उसे तौल में एक किलो दर्शाया जा रहा था। इस कथित घटतौली के चलते किसानों को उनकी उपज के बदले मिलने वाली रकम में नुकसान हो रहा था। मंडी परिषद में व्याप्त अव्यवस्थाओं और घटतौली की समस्या को लेकर किसानों में काफी समय से नाराजगी थी। इसी के विरोध में बाजार बंदी के बाद आज किसानों ने राठ-महोबा राजमार्ग पर उतरकर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन प्रभावित हो गया। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को समझाकर यातायात बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन किसान अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। इसके बाद उपजिलाधिकारी चित्रा निर्वाल और क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *