पत्नी और दो मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार में मचा कोहराम
औरैया। करवा चौथ के त्योहार पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस दिन पत्नी अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है, उसी दिन सड़क हादसे में पति की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। थाना क्षेत्र के जैतपुर फफूंद के डेरा बंजारन निवासी 40 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र यशपाल सिंह नायक की बुधवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी सुमन देवी और आठ वर्षीय बेटी अंशिका व पांच वर्षीय बेटे कान्हा का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश कुमार बुधवार शाम बाइक से दवा लेने बाजार जा रहे थे। राधाकृष्ण इंटर कॉलेज के पास पहुंचते ही अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें चिचौली रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। करवा चौथ के त्योहार पर पति की मौत से पत्नी सुमन देवी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो छोटे बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार की इस दर्दनाक घटना से गांव में भी शोक का माहौल है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ था। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
