साधन सहकारी समिति रुरुखुर्द में लटका ताला, आलू-लहसुन की बुवाई प्रभावित होने की आशंका
औरैया। रुरुगंज क्षेत्र में साधन सहकारी समितियों की अनिश्चित कालीन हड़ताल से किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। समितियों पर ताले लटके होने के कारण किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। आलू, लहसुन समेत अन्य फसलों की बुवाई का समय होने के चलते किसानों को मजबूरी में बाजार से 1600 से 1650 रुपये तक में डीएपी खरीदनी पड़ रही है। क्षेत्र की साधन सहकारी समिति रुरुखुर्द में भी हड़ताल के चलते ताला लगा हुआ है। किसान खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि बुवाई के समय खाद की जरूरत सबसे अधिक होती है। ऐसे में समितियों पर खाद वितरण बंद होने से खेती का काम प्रभावित हो रहा है। महंगे दामों पर खाद खरीदने से उनकी लागत भी बढ़ रही है। किसान अनिल कुमार, रामकिशोर, तेजराम, आलोक कुमार और प्रेमचंद्र ने बताया कि समिति बंद होने के कारण बाजार से महंगे दामों पर डीएपी खरीदनी पड़ रही है। उन्होंने अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान कर समितियों से खाद वितरण शुरू कराने की मांग की है। वहीं, समिति सचिव राकेश कुमार ने बताया कि अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण समिति में ताला लगा है। हड़ताल समाप्त होते ही किसानों को खाद का वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
