दिबियापुर,औरैया। थाना क्षेत्र के ककोर-बंबा मार्ग पर आजादपुर के पास रुरुआ गांव के सामने सोमवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एमएससी के छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। ककोर निवासी अभयराज (24) पुत्र पंकज झींझक के एक कॉलेज से एमएससी की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को वह बाइक से घर लौट रहा था। बाइक पर उसके साथ दयालपुर निवासी दोस्त विशाल पीछे बैठा था। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही उनकी बाइक रुरुआ गांव के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अभयराज गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि विशाल का हाथ टूट गया। वहीं तीसरा युवक अरविंद भी घायल हो गया। दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और डायल 112 पर सूचना दी। जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक, ककोर चौकी प्रभारी, कंचौसी चौकी प्रभारी समेत पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ट्रैक्टर बबीना की तरफ जा रहा था। चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाने को लेकर भी परिजनों ने एंबुलेंस चालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। प्रत्यक्ष दर्शियों का कहना है कि एंबुलेंस एक घायल को लेकर चली गई,जबकि गंभीर रूप से घायल अभयराज को सड़क पर ही छोड़ दिया गया। वह काफी देर तक तड़पता रहा। समय पर अस्पताल न पहुंच पाने के कारण परिजन उसे निजी कार से मेडिकल कॉलेज चिचौली लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। .परिजनों का आरोप है कि यदि अभयराज को समय से उपचार मिल जाता तो उसकी जान बच सकती थी। अभयराज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गयी। पिता पंकज, मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। वह दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। पढ़ाई में होनहार छात्र की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर समेत चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैक्टर की टक्कर से एमएससी के छात्र की मौत, दो दोस्त गंभीर
