पीड़ित ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के लिए पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
फफूंद,औरैया। थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर में घर के दरवाजे के सामने सड़क बनाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर लाठी-डंडे व ईट चलीं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही सक्रिय हुई पुलिस ने जांच पड़ताल कर मुकदमा लिखने की तैयारी शुरू कर दी है। दौलतपुर निवासी पुनीता देवी पत्नी जय नारायण ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया की रविवार की देर शाम दरवाजे के सामने बनी सड़क बनाने के विवाद में परिवारिक के ही अवधेश व रामू पुत्रगण महेश चंद्र व ऋषि पुत्र अवधेश व महेश चंद्र पुत्र पन्ना लाल उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। पीड़िता ने बताया कि जब उसने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने उसे दरवाजे के नीचे खींचकर मारपीट की। चीख पुकार की आवाज सुनकर मौके पर उसे बचाने पहुंचे पति को भी आरोपियों ने डंडों और ईटों से मारपीट कर घायल कर दिया। साथ ही धमकी देते हुए भाग गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और मामले का संज्ञान लेते हुए घायल को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां उसका इलाज किया गया। इस संबंध में सीओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी है। पुलिस पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।
