आरुषि और यशस्वी को किया सम्मानित, साइकिल भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना
कानपुर। आवास विकास हंसपुरम, थाना नौबस्ता क्षेत्र में मेधावी छात्राओं के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी से महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी कर रहे मनोज कुमार शुक्ला ने हाईस्कूल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर साइकिल भेंट की। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में स्कोमिया एकेडमी, लालपुर से हाईस्कूल में 90.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली आवास विकास हंसपुरम निवासी आरुषि शुक्ला को सम्मानित किया गया। आरुषि के पिता पुनीत शुक्ला और माता रेखा शुक्ला हैं। वहीं यशस्वी साहू ने हाईस्कूल में 96.2 प्रतिशत अंक हासिल कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया। यशस्वी की माता सोनी साहू हैं। दोनों छात्राओं को साइकिल भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना की गई। इस दौरान मनोज कुमार शुक्ला ने कहा कि मेधावी बच्चों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मनोज कुमार शुक्ला ने महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने 8 बार के विधायक सतीश महाना और विधान सभा अध्यक्ष के कार्यकाल को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में विकास की स्थिति पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कानपुर में विकास को लेकर किए जा रहे दावों और जमीनी हकीकत के बीच बहुत बड़ा अंतर दिखाई देता है। मनोज शुक्ला ने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए योजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप स्कूटी देने की योजना पर भी काम किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने शिक्षा और प्रतिभा को सम्मान देने के साथ साथ विकास कार्यों पर भी संदेश दिया।
