मतदाता पंजीकरण में लापरवाही पर डीएम की कार्रवाई, तहसीलदार सदर का वेतन रोकने के निर्देश

एसडीएम सदर को नोटिस जारी, पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश

संदीप धुरिया।

हमीरपुर। मतदाता पंजीकरण अभियान में निर्देशों का पालन न होने पर जिलाधिकारी अशोक कुमार ने सख्ती दिखाई है। लापरवाही के मामले में उन्होंने तहसीलदार सदर का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। वहीं, पर्यवेक्षण में कमी पाए जाने पर एसडीएम सदर अभिषेक कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार की मौजूदगी में इस्लामिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज हमीरपुर और शीतलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में मतदाता पंजीकरण केंद्रों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से पंजीकरण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अभियान को गति देने के निर्देश दिए।डीएम ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं समेत सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं। इसके लिए घर-घर संपर्क करने के साथ विशेष शिविरों के जरिए लोगों को जागरूक किया जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही पर जवाबदेही तय की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करें और पंजीकरण केंद्रों पर पहुंचने वाले नागरिकों को नाम जुड़वाने तथा विवरण में संशोधन कराने में जरूरी सहायता उपलब्ध कराएं।जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने या किसी विवरण में संशोधन के लिए अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *