फफूंद स्टेशन परकानपुर मेल के ठहराव से दिबियापुर क्षेत्र व जिले कै लोगों का दिल्ली का सफर होगा आसान

फफूंद स्टेशन पर सांसद रमेश अवस्थी ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को किया रवाना, बोले-कानपुर के साथ दिबियापुर को भी दिलाएंगे बेहतर सुविधाएं

आनंद कुशवाहा।

औरैया। रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में दिबियापुर और आसपास के क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। सोमवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर कानपुर मेल के ठहराव के बाद सांसद रमेश अवस्थी, पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत और नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्र ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली इस ट्रेन का फफूंद स्टेशन पर ठहराव होने से क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि आजादी के बाद रेलवे के इतिहास में कानपुर के नाम से यह पहली ट्रेन होगी। उन्होंने कहा कि कानपुर के साथ दिबियापुर क्षेत्र को भी बेहतर रेल सुविधाओं और विकास में बराबर की सहभागिता दिलाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कानपुर को बुलेट ट्रेन की सुविधा दिलाने की दिशा में भी प्रयास करने की बात कही।पूर्व कृषि राज्यमंत्री लाखन सिंह राजपूत ने ट्रेन के ठहराव के लिए सांसद का आभार जताया। नगर पंचायत अध्यक्ष राघव मिश्र ने भी इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम में विकास दुबे, बृजेश अवस्थी, विनोद गुप्ता, डॉ. अभिनंदन त्रिपाठी,रजौली बस, नरेश गुप्ता, टेसू, शैलेंद्र अवस्थी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *