अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने कल्याणपुर में किया विशाल धरना प्रदर्शन
सौरभ मिश्र।
कानपुर नगर। कल्याणपुर क्षेत्र में स्थित सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्मारक चौराहा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किये जाने के विरोध में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने विशाल धरना प्रदर्शन किया। धरने की अगुवाई अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कुं मनोज सिंह भदौरिया ने की। बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोग हाथों में तख्तियां लेकर धरने पर बैठे। तख्तियों पर सम्राट पृथ्वीराज चौहान जी का सम्मान ही राष्ट्र का सम्मान जैसे नारे लिखे थे। प्रदेश अध्यक्ष कुंवर मनोज सिंह भदौरिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह चौराहा पिछले पाँच वर्षों से लगातार हमारे महापुरुष पृथ्वीराज चौहान जी के नाम पर स्थापित है, जो क्षत्रियों की आन बान शान हैं। इस चौराहे को किसी न किसी अराजक तत्व ने जातिवादी हिंसा फैलाने के लिए एक सुव्यवस्थित और सोची समझी साजिश के तहत क्षतिग्रस्त किया है, जिससे कि सामाजिक व्यवस्था और समाज को तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों को बल मिले। मैं प्रशासन से मांग करता हूँ कि इसकी तुरंत जाँच कराई जाए, उन व्यक्तियों को दंडित किया जाए और पृथ्वीराज चौहान जी के स्मारक के रूप में इस चौराहे को पुनर्स्थापित किया जाए। यह हम सभी क्षत्रियों की मांग है। समय-समय पर सरकारें और विभिन्न राजनीतिक दल मिलकर क्षत्रियों को षड्यंत्र के तहत नीचा दिखाने का काम कर रहे हैं, जो असहनीय है। हमारे समाज के सभी व्यक्तियों में आक्रोश व्याप्त है। अभी तक किसी भी सक्षम अधिकारी ने हमसे संपर्क नहीं किया है। मैं प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ से आपके माध्यम से मांग करना चाहता हूँ कि वे इस बात का संज्ञान लें और चौराहे को उसके नाम के साथ पुनर्स्थापित कराएं और जिसने इस कुकृत्य को किया है, उस पर कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाए। श्री भदौरिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि यह अनिश्चितकालीन धरना है। यदि प्रशासन ने हमारी बात नहीं सुनी तो आंदोलन पूरे शहर, नगर में ही नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो अन्य जिलों में भी इसका असर जाएगा। यदि ऐसा नहीं किया गया तो आने वाले 2027 के चुनाव में हम सामूहिक रूप से चुनाव का बहिष्कार करेंगे जिसके परिणाम बहुत गंभीर होंगे।
