अन्ना मवेशियों पर पालिका प्रशासन सख्त, दो दिन में करीब छह दर्जन गोवंश पकड़े

जिलाधिकारी के निर्देश के बाद तेज हुआ अभियान, महोबा रोड स्थित गौशाला में कराया गया संरक्षण
रियल मीडिया नेटवर्क

राठ (हमीरपुर)। नगर में अन्ना मवेशियों की बढ़ती समस्या को लेकर जिला प्रशासन के सख्त रुख के बाद नगर पालिका प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद राठ की टीम ने पिछले दो दिनों में अभियान चलाकर नगर के विभिन्न इलाकों में घूम रहे करीब छह दर्जन अन्ना गोवंश को पकड़कर महोबा रोड स्थित पालिका की गौशाला में पहुंचाया। नगर के मुख्य मार्गों के साथ ही गलियों और बाजारों में अन्ना मवेशियों के झुंड आए दिन सड़क पर बैठे दिखाई देते हैं। अचानक सड़क पर आ जाने या वाहनों के सामने दौड़ने से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होने के साथ राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को लेकर नगरवासी परेशान थे। बताया गया कि जिलाधिकारी ने अन्ना मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित निकायों और पंचायतों को तीन दिन के भीतर अभियान चलाकर गोवंश को पकड़ने और गौशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर पालिका प्रशासन ने नगर क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू किया। पालिका कर्मियों ने अलग-अलग स्थानों से अन्ना गोवंश को पकड़कर महोबा रोड स्थित गौशाला में पहुंचाया। पालिका अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित गौशालाओं से कई बार गोवंश को खुले में छोड़ दिए जाने की शिकायत सामने आती है। ऐसे मवेशी आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से होते हुए नगर में पहुंच जाते हैं, जिससे समस्या दोबारा खड़ी हो जाती है। अधिकारियों का कहना है कि अन्ना मवेशियों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ग्रामीण क्षेत में भी अभियान चलाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *