श्रीकृष्ण रुक्मिणी विवाह प्रसंग सुन भाव विभोर हुए श्रोता निरंजन मिश्र

चित्रकूट। जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के छठवें दिवस कथा व्यास भागवताचार्य श्री कृष्णनंदन जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, कंस वध, उद्धव गोपी संवाद तथा भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मिणी विवाह का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और पूरा कथा पंडाल जयकारों से गूंज उठा।महाराज जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, धर्म की रक्षा करने और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान ने कंस का वध कर यह संदेश दिया कि अत्याचार और अहंकार चाहे कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।उन्होंने उद्धव-गोपी संवाद के माध्यम से प्रेम और भक्ति की महिमा बताते हुए कहा कि सच्ची भक्ति में किसी प्रकार का स्वार्थ नहीं होता। गोपियों का भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम निष्काम भक्ति का सर्वोत्तम उदाहरण है। मनुष्य को भी अपने जीवन में अहंकार, ईर्ष्या और द्वेष का त्याग कर प्रेम, करुणा और सेवा भाव अपनाना चाहिए।रुक्मिणी विवाह प्रसंग की व्याख्या करते हुए महाराज जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी का विवाह केवल एक धार्मिक प्रसंग नहीं, बल्कि समर्पण, विश्वास और पवित्र प्रेम का प्रतीक है। रुक्मिणी जी की अटूट श्रद्धा यह सिखाती है कि सच्चे मन से भगवान का स्मरण करने वाले भक्तों पर सदैव उनकी कृपा बनी रहती है।महाराज जी ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि श्रीमद्भागवत कथा को केवल सुनने तक सीमित न रखें, बल्कि इसके उपदेशों को अपने आचरण और व्यवहार में उतारें। माता-पिता का सम्मान, जरूरतमंदों की सहायता, बुजुर्गों की सेवा और समाज में आपसी प्रेम एवं भाईचारा बनाए रखना ही सच्चे धर्म का स्वरूप है।इस अवसर पर राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी,महंत मोहित दास,जय प्रकाश शुक्ला,अनूप पयासी, चित्रकूट प्रेस क्लब अध्यक्ष सत्यप्रकाश द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र, सुनील मिश्र, लवकुश पयासी, जावित्री सतरूपा देवी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *