राठ। के अतरौलिया मोहल्ले में आधा सैकड़ा महिला-पुरुषों ने किया प्रदर्शन, कई बार शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई।
हमीरपुर। राठ कस्बे के अतरौलिया मोहल्ले में सड़क के बीचोंबीच खड़ा विद्युत पोल स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। लंबे समय से पोल हटवाने की मांग कर रहे मोहल्लेवासियों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। अधिकारियों की अनदेखी से नाराज करीब 50 महिला-पुरुषों ने सड़क पर जाम लगाकर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।मामला नवीन सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग का है, जहां सड़क के बीच में लगा बिजली का पोल आवागमन में बाधा बन रहा है। इस रास्ते से प्रतिदिन सुबह सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पोल के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत कर पोल हटवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।लगातार अनदेखी से आक्रोशित मोहल्लेवासियों ने सड़क पर एकत्र होकर जाम लगा दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से जल्द से जल्द पोल को सड़क से हटवाने की मांग की।लोगों का कहना है कि बीच सड़क पर विद्युत पोल का होना किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। यदि समय रहते इसे नहीं हटाया गया तो कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। मामला राठ कोतवाली क्षेत्र के अतरौलिया मोहल्ले का है।
