दो दिवसीय प्रशिक्षण में खुरपका-मुंहपका, बकरी चेचक, फड़किया रोग, अतिसार एवं पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन पर हुई चर्चा
आनंद कुशवाहा।
औरैया। ग्रामीण महिला किसानों की आजीविका को सुदृढ़ करने एवं बकरी पालन को लाभकारी व्यवसाय के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से अपेक्षा महिला एवं बाल विकास समिति द्वारा दो दिवसीय बकरी पालन रिफ्रेशर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में महिला पशुपालकों को बकरियों के स्वास्थ्य प्रबंधन, प्रमुख बीमारियों की पहचान, उपचार एवं बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में जालौन से आये जितेंद्र कुमार ने महिला किसानों को बकरियों में होने वाले विभिन्न रोगों के बारे में जानकारी देते हुए विशेष रूप से खुरपका-मुंहपका रोग, मुंह में छाले, खुरों में घाव तथा थनों पर छाले एवं घाव होने की स्थिति में लक्षणों की पहचान, सावधानियों एवं उपचार के संबंध में समझाया। प्रशिक्षकों ने बताया कि संक्रामक रोगों के लक्षण दिखाई देने पर बीमार पशु को तुरंत स्वस्थ पशुओं से अलग रखना चाहिए, जिससे संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके। पशुशाला की साफ-सफाई, नियमित स्वास्थ्य निगरानी तथा समय पर पशु चिकित्सक से परामर्श लेना अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान पशुओं के घावों की प्राथमिक देखभाल, फिटकरी एवं ग्लिसरीन के उपयोग सहित विभिन्न घरेलू एवं प्राथमिक उपचार संबंधी उपायों की जानकारी भी दी गई। साथ ही थनैला रोग (मैस्टाइटिस) की पहचान, थनों में सूजन, घाव एवं संक्रमण की स्थिति में सावधानी और उपचार संबंधी जानकारी साझा की गई। प्रशिक्षण के दूसरे दिन महिला किसानों को बकरी चेचक, फड़किया रोग एवं अतिसार (दस्त) जैसे प्रमुख रोगों के लक्षण, बचाव एवं प्रबंधन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।इसके साथ ही नियमित वैक्सीनेशन एवं डिवॉर्मिंग के महत्व पर चर्चा करते हुए पशुओं को समय पर टीकाकरण एवं कृमिनाशक दवा देने की आवश्यकता समझाई गई। प्रशिक्षण को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाने के लिए पीपीटी के माध्यम से “बूझो तो जाने” गतिविधि आयोजित की गई, जिसमें महिला किसानों ने पशुपालन एवं रोग प्रबंधन से संबंधित सवालों के उत्तर देकर अपनी सहभागिता निभाई तथा प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को दोहराया। समिति सचिव रीना पांडेय ने महिला किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि पशुपालन ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि महिलाएं बकरी पालन को वैज्ञानिक तरीके से अपनाएं तथा पशुओं के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण एवं रोग प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें,तो पशुपालन को एक लाभकारी आजीविका के रूप में विकसित कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने व्यवहार में अपनाने तथा बकरी पालन को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने की अपील की।प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में परियोजना समन्वयक द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण का समापन किया गया। उन्होंने महिला किसानों को प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकी जानकारी को अपने बकरी पालन कार्य में अपनाने, पशुओं की नियमित देखभाल करने तथा पशुपालन को आय वृद्धि के प्रभावी माध्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
