शिव महापुराण कथा का दिव्य संदेश श्रवण, मनन और भक्ति से जीवन को बनाएं निर्मल

कानपुर दक्षिण। सैनिक चौराहा स्थित लालतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में समाजवादी नेता मनोज कुमार शुक्ला द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा के दूसरे दिन भक्ति, ज्ञान और आध्यात्मिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा व्यास महामंडलेश्वर दीन बंधु दास जी महाराज द्वारा श्रद्धालुओं को शिव महापुराण के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन में धर्म, संस्कार और सदाचार का महत्व समझाया। कथा पंडाल उस समय पूरी तरह भक्तिमय हो उठा, जब भजन ‘कैसे आएंगे भगवान, कैसे आएंगे भगवान’ की मधुर प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं ‘बम-बम भोले, उनकी जटा सावन की घटा है’ भजन पर श्रद्धालु शिवभक्ति में झूम उठे।कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी श्री दीन बंधु दास जी महाराज जी ने श्रवण और मनन का महत्व बताते हुए कहा कि यदि तीन घंटे भी किसी दुश्मन के बगल में बैठकर सच्चे मन से कथा सुन ली जाए तो उसके हृदय में भी प्रेम और अपनत्व का भाव जाग सकता है। उन्होंने कहा कि जैसा हमारा मन होगा, वैसी ही वाणी हमारे मुख से निकलेगी। इसलिए मन को निर्मल रखना बेहद आवश्यक है। मन में ईर्ष्या, द्वेष और अहंकार के स्थान पर प्रेम, दया और सद्भाव का भाव होना चाहिए।गौमाता की महिमा बताते हुए उन्होंने भारतीय देसी गाय के महत्व पर प्रकाश डाला और गौसेवा को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा का अभिन्न अंग बताया।उन्होंने शालिग्राम भगवान की पूजा का महत्व समझाते हुए श्रद्धालुओं को 21 दिनों तक अपने हाथों से शालिग्राम का देशी घी से अभिषेक करने की धार्मिक परंपरा के बारे में बताया। साथ ही कलावे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूजा में सूती कलावे का विशेष महत्व है। कलावे में लोहे का स्पर्श नहीं होना चाहिए और ऐसा कलावा होना चाहिए जिसे हाथों से तोड़ा जा सके।पूजा-पद्धति के संबंध में उन्होंने पांच महत्वपूर्ण वस्तुओं के महत्व को समझाया। धूप के लिए चंदन की लकड़ी और लोबान जैसी पारंपरिक सुगंधित सामग्री के प्रयोग पर जोर दिया। उन्होंने अगरबत्ती के स्थान पर पारंपरिक धूप के प्रयोग की बात कही। इसके साथ ही दीपक, शंख, गंगाजल और शालिग्राम की पवित्रता का महत्व बताते हुए कहा कि इन धार्मिक वस्तुओं को कभी भी बिना आसन के सीधे जमीन पर नहीं रखना चाहिए। दीपक और आरती की विधि के संबंध में भी श्रद्धालुओं को विशेष जानकारी दी।हनुमान जी की भक्ति का महत्व बताते हुए आचार्य जी ने कहा कि प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करने से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आ सकता है। विशेष रूप से सुंदर चौपाई—’विद्यावान गुनी अति चातुर। राम काज करिबे को आतुर॥’का अर्थ समझाते हुए उन्होंने बताया कि हनुमान जी ज्ञान, गुण, बुद्धि और समर्पण के अद्भुत प्रतीक हैं। उनकी भक्ति हमें सेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देती है।इस दिव्य आयोजन में मुख्य यजमान मनोज कुमार शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी, सत्यम शुक्ला एवं उनकी पत्नी, कृष्ण कुमार शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी, मोनू शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी तथा पिंकू शुक्ला एवं उनकी धर्मपत्नी सपरिवार धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।आयोजन को सफल बनाने में भगवान का सबसे बड़ा योगदान है।कथा का संदेश यही है कि केवल कथा सुनना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसके ज्ञान को अपने जीवन में उतारना ही सच्ची भक्ति है। मन निर्मल हो, वाणी मधुर हो, कर्म पवित्र हों और हृदय में भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा हो, यही सनातन संस्कृति की वास्तविक पहचान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *