शिक्षकों की व्यस्तता शिक्षण कार्य होता छिन्न-भिन्न, इसी कारण परिषदीय स्कूलों से पढ़ाने से अभिभावकों का रहता मन खिन्न। प्राइवेट स्कूलों में शोषण के बाद भी छात्र संख्या रही बढ़, परिषदीय स्कूलों में रही घट
बिधूना,औरैया।
कहने को तो सरकार द्वारा परिषदीय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने को लेकर विभिन्न लाभकारी योजनाएं चलाई जाने के साथ अंग्रेजी झमाध्यम के स्कूलों की तरह पाठ्यक्रम में भी बदलाव किया जा चुका है और समय-समय पर स्कूल चलो अभियान व विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाते हैं इसके बावजूद भी जमीनी धरातल पर देखने में आ रहा है कि परिषदीय स्कूलों में छात्र संख्या निरंतर घट रही है वहीं दूसरी ओर विभिन्न प्राइवेट स्कूलों में अभिभावकों का बड़े पैमाने पर शोषण किए जाने के बावजूद भी प्राइवेट स्कूलों में छात्र संख्या लगातार बढ़ रही है। जनचर्चा तो आम यह है कि परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के विभिन्न सरकारी कार्यों की जिम्मेदारी सौंपें जाने के चलते परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित रहने से इनमें पढ़ने वाले बच्चों को अपेक्षित पढ़ाई का लाभ नहीं मिल पा रहा है और इसी का परिणाम है कि अभिभावकों का मन बच्चों को परिषदीय स्कूलों में पढ़ाने के प्रति उचट रहा है। गौरतलब तो यह भी है कि परिषदीय स्कूलों में ना तो परिषदीय शिक्षकों के बच्चे और ना ही अधिकारियों, कर्मचारियों, नेताओं व धन्नासेठों के बच्चे पढ़ते नजर आते हैं ऐसे में परिषदीय स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने की बात बेमानी ही होगी। सरकार द्वारा लगातार परिषदीय स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के प्रति इन स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए निशुल्क पाठ पुस्तकों के साथ यूनिफॉर्म जूते मोजे बैग समेत कई लाभकारी योजनाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था निश्चित की गई है वहीं अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों की भांति पाठ्यक्रम में भी बदलाव किया गया है लेकिन यह बात भी काफी दिलचस्प और गौरतलब है कि आखिर इस सब के बावजूद जब सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं तो परिषदीय स्कूलों के शिक्षक अधिकारी कर्मचारी सियासतदार जनप्रतिनिधि व धन्नासेठ अपने बच्चों को इन परिषदीय स्कूलों में क्यों नहीं पढाते हैं इस पर भी सवाल उठ रहे हैं। .जमीनी धरातल पर देखने में आ रहा है परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों के ऊपर निर्वाचन नामावलियों के पुनरीक्षण जनगणना बाल गणना मतगणना समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के काम का भी भार रहता है वहीं विभागीय कार्यालय संबंधी कार्यों की भी जिम्मेदारी निभानी पड़ती है ऐसे में अक्सर इन कार्यों के चलते परिषदीय स्कूलों के अधिकांश तथाकथित शिक्षकों के व्यस्त रहने के कारण परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य प्रभावित होता है जो इनमें शिक्षारत बच्चों के भविष्य के के साथ सीधा खिलवाड़ माना जाता है। परिषदीय स्कूलों में बच्चों के लिए भले ही तमाम लाभकारी योजनाएं चलाई जाती लेकिन इसके बावजूद अधिकांश तथाकथित सीबीएसई व अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में लगातार छात्र संख्या बढ़ती नजर आ रही है। जागरूक लोगों का कहना है कि भले ही सरकार परिषदीय स्कूलों के बच्चों के लिए लाभकारी योजनाएं चला रही है लेकिन इनमें विधिवत शिक्षण कार्य सुचारू रूप से चलाने के प्रति आखिर क्यों नहीं गंभीर हो रही है ऐसे में सरकार परिषदीय स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के चाहे जितने प्रयास कर ले लेकिन जब तक शिक्षण कार्य की व्यवस्था नहीं सुधरती तब तक सरकार की मंशा पूरी होने की बात सोचना भी बेमानी होगी।
