अंबेडकर प्रतिमा खंडित किए जाने से गांव में तनाव, दो थानों की फोर्स के साथ एसडीएम-सीओ पहुंचे

अंबेडकर प्रतिमा खंडित किए जाने से गांव में तनाव

अयोध्या। अयोध्या के मिल्कीपुर तहसील क्षेत्र के अलीपुर खजूरी गांव में बुधवार रात अराजक तत्वों ने अंबेडकर प्रतिमा को खंडित कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह ग्रामीणों ने प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देखा तो आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते गांव में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। एसडीएम मिल्कीपुर पवन कुमार शर्मा और क्षेत्राधिकारी मिल्कीपुर पीयूष ने इनायतनगर व कुमारगंज थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और शांति बनाए रखने की अपील की। एसडीएम ने ग्रामीणों को जल्द नई अंबेडकर प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि नई प्रतिमा मंगाई जा रही है, जिसे दोपहर तक स्थापित करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतिमा खंडित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों की पहचान के लिए जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *